बूढ़ा किसान- Blog by Amit Kumar Gautam/ Old Farmer Hindi Story

 



किसी गांव में एक किसान रहता था जिसकी उम्र ढल चुकी थी इसलिए लोग उसे बूढ़ा किसान कहते थे। वह रोज सवेरे उठकर सबसे पहले अपने खेत देखने जाता था फिर खेतो से वापस लौटने के बाद खाना बनाता और खाता था। उसके परिवार में कोई दूसरा न था।

    वह अकेला ही था वह खूब मेहनत से खेती करता और अपना ज्यादा से ज्यादा समय खेतो में ही बिताता। इसलिए उसके खेत में फसल सबसे अच्छी होती थी। किसान की लहलहाती हुई फसल देखकर हमेशा पड़ोसियों के सीने में सांप लोटता लेकिन हमेशा अपनी लगन के साथ मेहनत करता। इस बार भी बूढ़े किसान की फसल लहलहा रही थी। बारिश हो जाने की वजह से किसान की फसल की चमक दोगुनी बढ़ गयी थी। 

    एक सुबह किसान मुर्गे की बांग के साथ उठा और अपने खेतों की तरफ गया। जब वह वहां पहुंचा तो उसने देखा कि फसल में कई सारे चूहे है जो फसल को कुतर-कुतर कर काट रहे थे तो किसान ने उन चूहो को भगाने की तरकीब सोचने लगा। थोड़ी देर बाद उसे एक युक्ति सूझी, उसने एक लकड़ी में किनारे पर कपड़ा बांधकर उसमें तेल छिड़ककर आग लगा दी। फिर चूहों को उसी आग से भगाने लगा। देखते ही देखते सारे चूहे आग के डर से खेत से भाग गये। किसान को लगा शायद तरकीब काम कर गयी लेकिन इस तरकीब में कुछ फसल भी झुलस गयी थी। दूसरे दिन किसान ने जब देखा कि चूहे फिर से खेत में आ गये तो किसान उदास हो गया और वही पर खेत के किनारे बैठ गया। 

    किसान काफी देर तक वही बैठा रहा। अचानक उसे कुछ सूझा और वह बाजार गया। उसने बाजार से एक चूहादानी खरीदी। उसे खेत में लाकर रख दिया तो दूसरे दिन उसने जाकर देखा तो एक चूहा उस चूहेदानी में फंस गया था। बूढ़ा किसान उसे अपने घर लेकर आया और अपनी दूसरी तरकीब के अनुसार किसान ने उस चूहे को लाल रंग से रंग दिया। लाल रंग में रंगा हुआ चूहा देखने में विचित्र लग रहा था। 

    दूसरे दिन किसान ने उस चूहे को ले जाकर खेत में छोड़ दिया। जब दूसरे चूहो ने इस विचित्र प्रकार के दिखने वाले चूहे को देखा तो डर के मारे सभी चूहो की घिग्गी बंध गयी और सभी चूहो ने बूढ़े किसान के खेत से रवानगी भर ली और फिर पीछे मुड़कर नही देखा। चूहो ने भविष्य में दोबारा बूढ़े किसान के खेत में आने की हिम्मत नहीं दिखाई। इस तरह उस बूढ़े किसान की अनोखी तरकीब काम कर गई और विचित्र प्रकार सा दिखने वाला चूहा किसान के साथ ही रहने लगा।

Post a Comment

0 Comments